नई दिल्ली के वीवीआईपी विजय चौक इलाके में शनिवार तड़के एक ऑडी स्पोर्ट्स टू-सीटर कार सवार ने सड़क पर जमकर स्टंट किए। कार की तेज आवाज सुनकर जब तक सुरक्षाकर्मी हरकत में आए, तब तक वहां कई चक्कर लगाने के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया।
सब कुछ इतनी जल्दी हुआ कि रात्रि पाली में तैनात सुरक्षाकर्मी भी सकते में आ गए। स्टंट की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। बता दें कि जहां स्टंटबाजी हुई, वहां से चंद कदम की दूरी पर प्रधानमंत्री कार्यालय के अलावा कई महत्वपूर्ण दफ्तर हैं।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से कार की तलाश कर रही है, लेकिन अब तक नाकाम रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, स्टंटबाजी की घटना तड़के 4 बजे के आसपास हुई। सफेद रंग की ऑडी स्पोर्ट्स कार ने विजय चौक के कई चक्कर लगाए। इसके बाद आरोपी अचानक कार को स्किड कर स्टंट करने लगा।