महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय(एमडीयू) परीक्षाओं के बाद रिजल्ट घोषित करना भूल गया है। तभी तो पांच माह बाद किसी भी संकाय का रिजल्ट घोषित नहीं हो पाया है। जबकि 20 नवंबर से सेमेस्टर की परीक्षा शुरू होने वाली हैं।
प्रश्न उठता है कि यदि रिजल्ट में किसी विद्यार्थी की कंपार्टमेंट आई तो वह फार्म कब भरेगा और तैयारी कब होगी। रिजल्ट घोषित न होने से छात्रों में एमडीयू के प्रति रोष है।
बता दें एमडीयू, रोहतक ने मई-जून माह में सभी स्नातक पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं ली थीं। इन परीक्षाओं को हुए पांच माह हो चुके हैं लेकिन अभी तक किसी का भी रिजल्ट घोषित नहीं हुआ। जिसके कारण छात्र असमंजस की स्थिति में हैं।
छात्रों का कहना है कि रिजल्ट घोषित न होने से वे अगले सेमेस्टर की परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पा रहे है। क्योंकि किसी कारण यदि किसी सब्जेक्ट में रि-अपीयर आ गई तो उसके लिए भी तैयारी करनी पड़ेगी।
वहीं, कॉलेज प्रशासन भी एमडीयू से इसे लेकर खासे नाराज हैं। डीएवी कॉलेज के प्राचार्य का कहना है कि 100 दिन में रिजल्ट का दावा करने वाला विश्वविद्यालय प्रशासन पांच माह बाद भी रिजल्ट नहीं बना पाया।
जबकि पहले रिजल्ट सिंतबर माह में आ जाता था। यदि जल्द ही रिजल्ट घोषित नहीं किया गया तो फार्म भरवाने में दिक्कत आएंगी। इस बारे में एमडीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. बीएस सिंधू ने जल्द ही रिजल्ट घोषित करने की बात कही है।