हिंदू कॉलेज में सालों से हो रही वर्जिन ट्री की पूजा को बंद कराने के लिए पिंजरा तोड़ मुहिम से जुड़ी छात्राओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया। उनकी मांग है कि इस पूजा को अगले साल से बंद किया जाना चाहिए। इसके जरिए महिलाओं को गलत तरीके से पेश किया जाता है। उन्हें इस पूजा से आपत्ति है। प्रशासन को इसे बंद कराना चाहिए।
पिंजरा तोड़ की छात्राओं ने कॉलेज के बाहर प्रदर्शन कर कहा कि सबसे पहले तो पूजा बंद की जाए तथा जिन्होंने आपत्ति के बाद भी इस साल वेलेंटाइन डे पर पूजा की उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। छात्राओं के इस प्रदर्शन को देखते हुए कॉलेज के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस तैनाती रही। प्रदर्शन में छात्राओं ने एडिमन बाहर आओ, जवाब देना होगा जैसे नारे लगाए।
छात्राओं ने कहा कि इस पूजा के बहाने ट्री पर किसी अभिनेत्री का पोस्टर लगाया जाता है और कंडोम और गुब्बारे भी लगाए जाते हैं। यह पूरी तरह महिला विरोधी है। छात्राओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज की वाइस प्रिंसिपल से भी मुलाकात की। छात्राओं का कहना है कि उन्हें कोई आश्वासन नहीं मिला है।