लोकतंत्र में आम आदमी के पास सबसे मजबूत हथियार उनका अपना मत है, जिसके बूते वह अपनी ही नहीं बल्कि देश की तकदीर बदल सकता है।
इस उद्देश्य को लेकर कक्षा तत्परता कार्यक्रम के तहत सोमवार को सराय ख्वाजा स्थित राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चुनाव प्रक्रिया का आयोजन कराया गया, जिसमें कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
नौवीं व 10वीं कक्षा के बच्चों ने उपाध्यक्ष और 11वीं व 12वीं कक्षा के बच्चों ने अध्यक्ष पद के लिए अपने मत का प्रयोग किया।
इस दौरान अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए विद्यार्थियों ने स्कूल में जमकर प्रचार किया और प्रत्येक कक्षा में जाकर विद्यार्थियों से अपने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे।
चुनाव के दौरान सभी विद्यार्थियों ने अपने-अपने प्रत्याशी के पक्ष में बूथ पर लाइन लगाकर वोट डाला। प्रधानाचार्य डॉ. मनोज मिश्रा ने मतगणना के बाद दोनों विजेताओं के नामों की घोषणा की।
अध्यक्ष पद के विजेता सूर्य प्रकाश ने अपने प्रतिद्वंदी राहुल सिंह को 199 मतों से हराया। उपाध्यक्ष पद के विजेता अरसद अली ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राकेश कुमार को 654 वोटों से परास्त किया।