विजयनगर थाना क्षेत्र में 10वीं की परीक्षा देने जा रही छात्रा को ऑटो चालक ने अगवा कर छेड़छाड़ की। ऑटो चालक उसे स्कूल छोड़ने की बजाय विजयनगर के कांशीराम आवासीय योजना के तहत बनी कॉलोनी में ले गया। दुष्कर्म के डर से छात्रा ने चलते ऑटो से छलांग लगा दी, छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई है।
लहूलुहान छात्रा को राहगीरों ने प्रताप विहार के निजी अस्पताल पहुंचाया। उसके सिर और चेहरे पर 18 टांके लगे हैं। विजयनगर पुलिस ने घूकना मोड़ के रहने वाले आरोपी चालक उमेश के खिलाफ छेड़छाड़ की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
विजयनगर थाना क्षेत्र की कालोनी में रहने वाले पीड़ित छात्रा के पिता ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। परिवार में दो बेटे और तीन बेटियां हैं। उनकी 19 वर्षीय बड़ी बेटी की बुधवार को परीक्षा थी। सुबह करीब सात बजे वह परीक्षा देने के लिए निकली थी। विजयनगर से ई-रिक्शा में बैठकर जस्सीपुरा मोड़ तक पहुंची।
यहां से स्कूल जाने के लिए वह एक ऑटो में बैठ गई। ऑटो में ड्राइवर और उसके अलावा कोई नहीं था। छात्रा को अकेला पाकर ऑटो चालक उसे स्कूल छोड़ने के बजाय नया बस अड्डा होते हुए विजयनगर क्षेत्र स्थित कांशीराम आवासीय योजना की तहत बनी कालोनी की ओर ले गया। आरोप है कि उसने छात्रा को संबंध बनाने के लिए धमकाया था।
ऑटो चालक की बदनीयती देख छात्रा चलते ऑटो से कूद गई। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। लहूलुहान हुई छात्रा को छोड़ आरोपी आटो चालक फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाया और उसके परिजनों को सूचना दी।
छात्रा के पिता का कहना है कि उनकी बेटी के चेहरे और सिर पर 18 टांके आए हैं। उसकी हालत गंभीर है। विजयनगर एसएचओ श्यामवीर सिंह का कहना है कि छात्रा के परिजनों की शिकायत पर आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ छेड़छाड़ की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।