राजधानी में पड़ रही भीषण गर्मी से पिछले दो दिन में चार लोगों की मौत होने की आशंका है। उत्तरी दिल्ली के कोतवाली थाना इलाके में तीन और एक मौत नई दिल्ली के कनॉट प्लेस थाना इलाके में हुई है। पुलिस का कहना है कि मौत का कारण दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी हो सकती है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
उत्तरी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार एक व्यक्ति की मौत शनिवार को कोडिया पुल के पास हुई। उसका शव फुटपाथ पर पड़ा मिला। मृतक के पास पानी की खाली बोतल पड़ी थी। शुक्रवार को एक अन्य व्यक्ति का शव कोतवाली थाना इलाके में साइकिल मार्केट मेें मिला। ये लोग चांदनी चौक इलाके में सामान ढोने वाली रेहड़ी चलाने का काम करते थे। तीसरा शव शनिवार को टीवी अस्पताल के पास मिला। यह व्यक्ति को पहले से बीमार बताया जा रहा है।
तीनों मृतकों की रविवार शाम तक पहचान नहीं हुई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सब्जी मंडी स्थित अरूणा आसफ अली अस्पताल में रखवा दिया गया है। वहीं कनॉट प्लेस थाना इलाके में शिवाजी स्टेडियम के टॉयलेट में प्रवीण कुमार भाटिया (55) की मौत हो गई। वह कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर परिसर में पूजा के सामान की दुकान चलाता था। प्रवीण करीब 25 वर्ष से हनुमान मंदिर में ही रह रहे थे। वह शुक्रवार सुबह शिवाजी स्टेडियम स्थित टॉयलेट में शौच के लिए गए और बेहोश होकर गिर गए। पुलिस उन्हें राममनोहर लोहिया अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस उसकी मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।