फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पथराव होता रहा, एसएचओ कहते रहे-फोर्स नहीं चाहिए

Tue, 30 Jun 2015 04:30 PM IST
अमर उजाला, गाजियाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
फरीदनगर कस्बे में सांप्रदायिक बवाल के बाद सोमवार को वहां अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल रहा। चप्पे-चप्पे पर फोर्स है, कस्बे को पुलिस ने तीन सेक्टरों में बांटा है।
विज्ञापन


दुकान, स्कूल और बैंक बंद रहे। 324 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। इनमें से 24 लोग नामजद हैं। बवाल की गाज एसएचओ भोजपुर डालचंद पर गिरी है।

उन्हें लाइन हाजिर किया गया है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि सीओ के पूछने पर भी एसएचओ ने फोर्स की डिमांड नहीं की। कहते रहे कि फोर्स नहीं चाहिए।

एसएचओ थाने का फोर्स लेकर ही मौके पर पहुंचे तो पथराव कर दिया गया, जिसमें भोजपुर की जिप्सी क्षतिग्रस्त हो गई और तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए। एसएसपी के पीआरओ ब्रजेश शर्मा को भोजपुर थाने की कमान सौंपी गई है।
विज्ञापन


तनाव कम करने को पीस कमेटी की मीटिंग की गई। रविवार रात ढाई घंटे तक चले बवाल के दौरान उपद्रवियों ने दर्जनों दुकानों में लूट और तोड़फोड़ की थी। बाइक तोड़ी गई थीं।

सोमवार को मुकेश गोयल, देवेंद्र सिंघल, राजू ज्वैलर्स, मोनू टेलर, मुकेश किराना स्टोर, मूलचंद हलवाई लूट और तोड़फोड़ की रिपोर्ट लिखाने पहुंचे। दोनों समुदाय के लोग एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

रात में ही पुलिस ने सड़कों से पत्थर हटवाने का काम शुरू कर दिया था। हापुड़, मेरठ, बागपत, गौतमबुद्धनगर समेत कई जनपदों का पुलिस बल, आला अधिकारी और पीएसी की दो कंपनियां डेरा डाले हुए हैं।

पुलिसकर्मियों ने हवाई फायरिंग कर बचाई जान
एसओ ब्रजेश शर्मा ने बताया कि धारा 147, 148, 149, 307, 353ए, 353, 427 के तहत 30 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है, जिसमें दोनों समुदायों पर आरोप है।

पथराव में एसआई जगमोहन शर्मा, सिपाही अमित कुमार एवं संजीव घायल हुए थे। पुलिस जिप्सी क्षतिग्रस्त हो गई थी। पथराव में घिरे पुलिसवालों ने हवाई फायरिंग कर जान बचाई थी।

पुलिस ने लगाई पाबंदी कस्बे में नहीं जाएंगे नेता
पुलिस प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों और नेताओं के फरीदनगर में घुसने पर पाबंदी लगा दी है। भोजपुर थाने के सामने बैरियर लगाए गए हैं।

पुलिस की सख्ती के विरोध में सोमवार को भाजपा नेता मोदीननगर-पिलखुवा मार्ग पर बैठ गए। भाजपाइयों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया।

सोमवार सुबह रालोद विधायक सुदेश शर्मा को बैरियर पर रोक दिया गया तो उनकी पुलिस कर्मियों से नोकझोंक हुई। बाद में एसएसपी से बातचीत कर विधायक मोदीनगर लौट गए।

दोपहर में 12 बजे भाजपा जिला अध्यक्ष नंदकिशोर गुर्जर, दिनेश सिंघल, सत्येंद्र त्यागी आदि कार्यकर्ताओं के साथ फरीदनगर पहुंचे। मगर उन्हें फरीदनगर गेट पर रोक लिया गया।

पुलिस के व्यवहार से क्षुब्ध होकर वे मोदीनगर-पिलखुवा मार्ग पर बैठ गए। बाद में सीओ जगत राम जोशी के समझाने पर करीब एक घंटे बाद भाजपाई सड़क से उठकर थाने पहुंचे और पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम देकर आंदोलन की चेतावनी दी है।
विज्ञापन


और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें