नई दिल्ली-फरीदाबाद सेक्शन पर ट्रेनों में पत्थरबाजी की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन किसी न किसी ट्रेन में पत्थरबाजी की जा रही है। खास बात यह है कि अभी आरपीएफ और जीआरपी पत्थरबाजी में शामिल शरारती तत्वों को पकड़ नहीं पा रही है।
शुक्रवार की रात नई दिल्ली से इंदौर जा रही मालवा एक्सप्रेस को शरारती तत्वों ने निशाना बनाया। गनीमत रही कि किसी यात्री को चोट नहीं आयी।
जम्मूतवी से इंदौर जाने वाली 12920 मालवा एक्सप्रेस शुक्रवार की रात करीब पौने आठ बजे तुगलकाबाद से फरीदाबाद की ओर आ रही थी। इस गाड़ी के एस-4 बोगी की खाली पड़ी सीट नंबर 49-50 पर बल्लभगढ़ के दैनिक यात्री राम बहुादर और महेश आ रहे थे।
बताया जाता है कि गाड़ी जब तुगलकाबाद से फरीदाबाद की ओर चली तो उस बोगी में कुछ शरारती तत्वों ने पत्थरबाजी की। दैनिक यात्रियों के मुताबिक पत्थर खिड़की पर इतनी तेजी से लगे कि उसका एक हिस्सा टूट गया।
गनीमत रही कि दोनों यात्री बाल-बाल बच गए। ट्रेनों पर पत्थरबाजी की यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले 21 जुलाई को इसी सेक्शन पर राजधानी एक्सप्रेस में भी अराजकतत्वों ने पत्थरबाजी की थी।
आरपीएफ प्रभारी मुकेश कुमार का कहना है कि उस इलाके में गश्त तेज कर दी गई है। साथ ही ट्रैक से सटे मकानों और कॉलोनी के लोगों से भी जानकारी ली जा रही कि ऐसी हरकत कौन कर रहा है?
कब-कब हुईं घटनाएं
-21 अप्रैल : फरीदाबाद नीलम पुल के बीच मुंबई राजधानी पर पथराव
-2 मई : फरीदाबाद-न्यूटाउन के बीच मुंबई राजधानी पर पथराव
-3 मई : फरीदाबाद-न्यूटाउन के बीच मुंबई राजधानी पर पथराव
-6 मई : फरीदाबाद-न्यूटाउन के बीच मुंबई राजधानी पर पथराव
-9 मई : फरीदाबाद-न्यूटाउन के बीच मुंबई राजधानी पर पथराव
-21 जुलाई : फरीदाबाद-तुगलकाबाद के बीच मुंबई राजधानी पर पथराव
-27 जुलाई : मथुरा-पलवल के अगस्त क्रांति राजधानी पर पथराव