- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया योजनाओं का शिलान्यास
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नजफगढ़ के झड़ौदा कलां गांव में 14 करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली नगर निगम के स्टेडियम और गांव का विकास होगा। शनिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत सहरावत ने विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस मौके पर विधायक नीलम, पूर्व विधायक अजीत खरखड़ी, नजफगढ़ जोन की चेयरमैन सविता शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि चाहे नरेला हो, पल्ला हो, नजफगढ़, बिजवासन, महरौली या फिर छतरपुर के विभिन्न गांवों में विकास कार्य चल रहे हैं। 14 करोड़ की लागत से स्टेडियम के अलावा 102 छोटी गलियाें का काम भी हैं जिनकी मरम्मत होनी है।
दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने का रास्ता गांव देहात से होकर जाएगा इसलिए हम गांव देहात के विकास पर विशेष ध्यान देंगे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ बनाना हमारी जिम्मेदारी है और अगर आपको कोई समस्या दिखती है तो हमारे पार्षद, विधायक या फिर सांसद को बताइए। हमारी जिम्मेदारी है कि इसे स्वच्छ बनाने में सड़क पर कूड़ा फेंकना और प्लास्टिक का प्रयोग बंद करें। वहीं सांसद ने कहा कि केजरीवाल सरकार के समय यह फंड वर्षों तक निष्क्रिय पड़ा रहा। अब एलजी के माध्यम से ग्रामोदय योजना के तहत यह फंड स्थानांतरित किया गया है। इससे अब न केवल स्टेडियम का निर्माण होगा, बल्कि गांव के समग्र विकास का मार्ग भी प्रशस्त होगा। नजफगढ़ जोन के पूर्व चेयरमैन अमित खरखड़ी ने कहा कि पिछले 10 साल केजरीवाल सरकार ने दिल्ली देहात की अनदेखी की। क्षेत्र के लोगों को उनका उचित हक नहीं दिया। उन्होंने पार्षदों का फंड तक रोक दिया। जिस कारण वह अपने क्षेत्र में विकास कार्य भी न करवा सकें। लेकिन भाजपा अध्यक्ष व सांसद ने उपराज्यपाल के सहयोग से ग्रामोदय योजना के तहत फंड दिलवाया।