अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री वेंकटेश्वर कॉलेज ने आईक्यूएसी की पहल के तहत इंटर्नशिप प्रोग्राम इन रिसर्च एंड एकेडमिक्स 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह कार्यक्रम छात्रों को शोध एवं अकादमिक गतिविधियों से जोड़ने का अवसर प्रदान करेगा।
कॉलेज की ओर से जारी सूचना के अनुसार इंटर्नशिप ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों में उपलब्ध होगी। इसके लिए आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 18 जून है। जबकि चयनित छात्रों की सूची 27 जून को जारी की जाएगी। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि यह पहल छात्रों में शोध संस्कृति को बढ़ावा देने और उन्हें अकादमिक क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के तहत 42 विभिन्न शोध परियोजनाएं हैं। छात्रों के लिए इंटर्नशिप का विकल्प तीन माह के लिए एक जुलाई से 30 सितंबर तक और छह माह के लिए एक जुलाई से 30 दिसंबर तक का रखा गया है।