नोएडा के सुरक्षा गार्ड को चाकू मारने के बाद लूटपाट कर भाग रहे दो लुटेरों को तीन दोस्तों ने दिलेरी दिखाते हुए दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। यही नहीं दोस्तों ने इंसानियत दिखाते हुए घायल गार्ड को तत्काल अस्पताल बचाया जिससे समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।
घटना रविवार रात करीब एक बजे की है। खोड़ा कॉलोनी निवासी भानू प्रताप सिंह निजी सुरक्षा गार्ड हैं। वे रात एक बजे अपने ऑफिस जा रहे थे। सेक्टर-62 स्थित पीर बाबा मंडी के पास तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और चाकू की नोक पर उनसे लूटपाट करने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक बदमाश ने भानू की पेट में चाकू मारकर घायल कर दिया।
बदमाशों ने उनसे एक हजार रुपये, मोबाइल व एटीएम कार्ड लूटकर फरार होने ही वाले थे तभी कार सवार तीन दोस्त सेक्टर-52 निवासी गौरव कपूर, कार्तिकेय और साहिल वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने लूटपाट का माजरा देखा और भानू की चीख सुनी तो कार रोक कर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बदमाशों को पकड़ना चाहा तो वे भागने लगे। तीनों दोस्तों ने दिलेरी दिखाते हुए 200 मीटर तक पीछा कर दो लुटेरों को दबोच लिया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठा कर एक बदमाश फरार हो गया।
लुटेरों को पीटते हुए तीनों दोस्त उन्हें घटनास्थल पर वापस ले आए और मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। उसके बाद भानू के परिवार वालों को सूचित किया। मौकेपर सेक्टर-58 थाने की पुलिस पहुंची और भानू का बेटा प्रिंस भी पहुंचा। वारदात के बाद भानू अचेत अवस्था में सड़क पर ही पड़े थे और उनके पेट से काफी खून निकल चुका था। तीनों दोस्तों ने बदमाशों को पुलिस के हवाले किया और घायलावस्था में भानू को कार में लेटा कर अस्पताल इलाज के लिए ले गए। पुलिस ने दोनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है।
अगर सही वक्त पर गौरव कपूर व उनके दो दोस्त नहीं पहुंचते तो शायद बदमाश मेरे पिता जी की हत्या भी कर देते। बदमाशों को पस्त कर उन्हें दबोचना और पुलिस के हवाले करना दर्शाता है कि ये लोग बहादुर हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि अभी लोगों में इंसानियत बची हुई है। फिलहाल मेरे पिता खतरे से बाहर हैं।
- प्रिंस सिंह
हमें दु:ख है कि एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठा कर फरार हो गया। उन दरिंदों ने चाकू से वार कर भानू प्रताप से लूटपाट की थी। हम शायद सही वक्त पर वहां से गुजर रहे थे जिससे वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया।
- गौरव कपूर
लुटेरों की पहचान संदीप और नफीस के रूप में हुई है। फरार बदमाश को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बदमाशों के पास से एक हजार रुपये व चाकू बरामद कर लिया गया है।
- डॉ. अनूप कुमार, डीएसपी
बेटे को जबरन फंसाया
सेक्टर-58 इलाके में लूटपाट के आरोप में गिरफ्तार किए गए संदीप के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उनके बेटे को जबरन फंसाया है। संदीप के पिता केशव राम का कहना है कि वह अपनी दुकान बंद कर रविवार देर रात घर लौट रहा था। उसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उसे मारा पीटा और लुटेरा बताते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने सेक्टर-58 पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्न खड़ा किया है।