आनंद विहार से चलेंगी ज्यादातर पूर्वांचल दिशा जाने वाली ट्रेनें
यात्रियों की तादाद का अनुमान लगाते हुए इस साल रेलवे प्रशासन ने निर्णय लिया है कि पूर्वांचल की तरफ जाने वाली ज्यादातर ट्रेनें आनंद विहार रेलवे स्टेशन से चलाई जाएं। दरअसल स्टेशन परिसर और प्लेटफाॅर्म का क्षेत्र ज्यादा होने की वजह से भीड़ को नियंत्रित करना नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली स्टेशन की तुलना में आसान रहता है। स्टेशन परिसर के बाहर टेंट लगाकर होल्डिंग एरिया भी बनेगा, ताकि जिसकी ट्रेन प्लेटफाॅर्म पर आने की घोषणा हो उन्हें ही प्लेटफॉर्म तक पहुंचने की अनुमति दी जा सके। इससे स्टेशन पर भीड़ कम होगी और भगदड़ की स्थिति नहीं होगी।
वापसी के लिए भी चलेंगी ट्रेनें
त्योहारों के दौरान दिल्ली से जाने वालों की भीड़ उमड़ती है तो त्योहार खत्म होने के बाद आने वालों की। इसे देखते हुए रेलवे ने एक अक्तूबर से 30 नवंबर तक स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। त्योहार खत्म होने के बाद वापसी दिशा में आने वालों को भी इन ट्रेनों के चलने से सुविधा मिलेगी। दुर्गा पूजा खत्म होने के बाद ज्यादातर वापसी दिशा की ट्रेनें पश्चिम बंगाल से होते हुए यूपी, बिहार और दिल्ली पहुंचने वाली स्पेशल ट्रेन चलेंगी वहीं दीपावली और छठ पूजा खत्म होने के बाद उत्तर प्रदेश और बिहार से दिल्ली के लिए चलेंगी।
आनंद विहार-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रख रेलवे ने ट्रेन संख्या 04044/04043 आनंद विहार-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन सप्ताह में दो-दो दिन दोनों दिशाओं से चलेगी। ट्रेन संख्या 04044 आनंद विहार टर्मिनल-गोरखपुर स्पेशल तत्काल प्रभाव से 26 नवंबर को प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को चलेगी, जबकि ट्रेन संख्या 04043 गोरखपुर-आनंद विहार स्पेशल 27 नवंबर तक प्रत्येक रविवार और बुधवार को चलेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 04062 आनंद विहार से बरौनी के लिए साप्ताहिक स्पेशल अक्तूबर से 17 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 04061 बरौनी से आनंद विहार के लिए 7 अक्तूबर से 18 नवंबर के बीच प्रत्येक सोमवार को चलेगी।