आनंद विहार टर्मिनल से 19 अक्टूबर को होगी वापसी, रास्ते में भुवनेश्वर, कटक, गया और कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
त्योहार में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने आनंद विहार टर्मिनल और खुर्दा रोड के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इससे त्योहार पर दिल्ली से ओडिशा और रास्ते में पड़ने वाले अन्य शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। ट्रेन दोनों दिशाओं में एक-एक फेरा लगाएगी। रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 08407 खुर्दा रोड–आनंद विहार टर्मिनल पूजा विशेष 17 अक्टूबर को खुर्दा रोड से चलेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 08408 आनंद विहार टर्मिनल–खुर्दा रोड पूजा विशेष 19 अक्टूबर को आनंद विहार टर्मिनल से रवाना होगी। ट्रेन में वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के डिब्बे होंगे।
खुर्दा रोड से चलने वाली ट्रेन भुवनेश्वर, कटक, जयपुर रोड, भद्रक, बालासोर, हिजली, मिदनापुर, बिष्णुपुर, बांकुड़ा, आद्रा, एनएससी बोस जंक्शन गोमो, कोडरमा, गया, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सुबेदारगंज, गोविंदपुरी, टुंडला और गाजियाबाद होते हुए आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 08407 खुर्दा रोड से दोपहर 12:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 10:30 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 08408 आनंद विहार टर्मिनल से 19 अक्टूबर को रात 12:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10:45 बजे खुर्दा रोड पहुंचेगी।