फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi NCR News: आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर त्योहारों के दौरान दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं

विज्ञापन
विज्ञापन
प्लेटफॉर्म पर बनेंगे स्पर्श पथ और रंग-बिरंगी पट्टियां
विज्ञापन

शनि पाथौली
नई दिल्ली। छठ पूजा और दिवाली के दौरान बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने के बीच आनंद विहार टर्मिनल पर दिव्यांग यात्रियों की राह आसान बनाने की तैयारी है। रेलवे स्टेशन पर दिव्यांगजनों की आवाजाही को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सुविधाओं का विस्तार करेगा। इसके तहत प्लेटफॉर्म के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग रंग की पट्टियां लगाई जाएंगी और नवीनतम मानकों के अनुसार स्पर्श पथ विकसित किए जाएंगे।
रेलवे के अनुसार, आनंद विहार टर्मिनल दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल है। त्योहारों के दौरान यहां यात्रियों का दबाव बढ़ने के कारण प्लेटफॉर्म तक पहुंचने, सही रास्ते की पहचान करने और सुरक्षित तरीके से आवाजाही करने की चुनौती भी बढ़ जाती है। सबसे ज्यादा परेशानी दिव्यांग यात्रियों को झेलनी पड़ती है। इसलिए यहां दिव्यांग यात्रियों की आसान आवाजाही के लिए सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा। रेलवे की इस पहल से दृष्टिबाधित और कम दृष्टि वाले यात्रियों को स्टेशन परिसर में रास्ता पहचानने व प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित चलने में मदद मिलगी।
विज्ञापन


रंगीन पट्टियों से पहचानना होगा आसान : योजना के तहत प्लेटफॉर्म के संबंधित हिस्सों पर अलग-अलग रंग की पट्टियां लगाने से दृष्टिबाधित यात्रियों को आसपास की सतह और प्लेटफॉर्म के किनारे के बीच अंतर पहचानने में सहूलियत होगी। प्लेटफॉर्म का किनारा स्टेशन के सबसे संवेदनशील हिस्सों में से एक है। यहां जरा-सी चूक भी दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में रंगों के स्पष्ट अंतर से यात्रियों को आसपास की स्थिति समझने में आसानी होगी। यह व्यवस्था उन यात्रियों के लिए भी उपयोगी होगी, जिन्हें कम रोशनी, भीड़ या आसपास की सतह में अंतर पहचानने में परेशानी होती है।

छड़ी और पैरों के स्पर्श से समझ सकेंगे रास्ता : दृष्टिबाधित यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर स्पर्श पथ भी बनाए जाएंगे। इन रास्तों की सतह पर विशेष प्रकार की उभरी हुई बनावट होती है, जिसे यात्री छड़ी या पैरों के स्पर्श से पहचान सकते हैं। इससे उन्हें रास्ते की दिशा समझने और आगे आने वाले संभावित बदलावों का अनुमान लगाने में सहूलियत होगी। रेलवे ने स्पर्श पथ के निर्माण में नवीनतम मानकों का पालन करने का प्रावधान किया है। इस काम के लिए निविदा जारी की गई है। परियोजना को उत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल अभियंता (तृतीय) के अधीन कराया जाना प्रस्तावित है।

भीड़ प्रबंधन के लिए तैयार हो रहे होल्डिंग एरिया :त्योहारों के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिए आनंद विहार टर्मिनल पर यात्री होल्डिंग एरिया दो चरणों में विकसित किया जा रहा है। पहले चरण में लगभग 4,000 यात्रियों के लिए जगह उपलब्ध कराने और दूसरे चरण के बाद कुल क्षमता लगभग 7,000 यात्रियों तक पहुंचाने की योजना है। इससे त्योहारों और भीड़भाड़ के समय यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ठहराने में मदद मिलेगी। इसको लेकर हाल ही में केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने आनंद विहार टर्मिनल पर यात्री होल्डिंग एरिया परियोजनाओं की समीक्षा भी की थी।
विज्ञापन


रेलवे कॉलोनियों में बिजली व्यवस्था भी होगी दुरुस्त
इधर, दिल्ली में रेलवे कॉलोनियों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने की भी योजना है। इसके तहत 11 केवी उच्च क्षमता वाली विद्युत प्रणाली की मरम्मत और रखरखाव किया जाएगा। साथ ही विद्युत इकाई की ओवरहॉलिंग का काम भी प्रस्तावित है। इस परियोजना पर करीब 1.79 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। विद्युत उपकरणों की समय पर मरम्मत और ओवरहॉलिंग से उनकी कार्यक्षमता बेहतर बनाने व बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी। इससे रेलवे कॉलोनियों में रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों को लाभ मिलेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें