बेसुध हालत में मिला शराबी पिता (प्रतिकात्मक तस्वीर)
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली व उत्तर प्रदेश के इनामी बदमाश को इंफाल, मणिपुर से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी रिजवान उर्फ फूल मियां(29) निवासी वेलकम, सीलमपुर पर दोनों राज्यों में 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। साथ ही, उस पर 1.20 लाख रुपए का इनाम था।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि 24 मई को एसीपी अत्तर सिंह, इंस्पेक्टर चंद्रिका प्रसाद, अमूल त्यागी आदि को सूचना मिली थी कि कुख्यात गैंगस्टर फूल मियां ने मणिपुर के इंफाल में अपना ठिकाना बना रखा है। पुलिस की एक टीम रवाना हो गई और वहां आरोपी को गोला पट्टी इलाके से दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह छिपकर मणिपुर में रह रहा था। दिल्ली पुलिस को आनंद विहार में 15 लाख की लूट के मामले में आरोपी फूल मियां की तलाश थी। उस समय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन जमानत पर छूटने के बाद वह दोबारा कोर्ट में पेश नहीं हुआ।
अदालत ने उसके खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी कर रखे थे। फूल मियां पर दिल्ली व यूपी में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती समेत करीब 30 से अधिक वारदातों में शामिल रहने का आरोप है। दिल्ली पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था, जबकि यूपी पुलिस ने अलग-अलग तीन मामलों में 70 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, फूल मियां इस्लाम नगर, बदायूं का रहने वाला है। 2004 में वह अपराध की दुनिया में आया। 2004 में उसने कोर्ट परिसर में नवाब नामक एक शख्स पर हमला कर दिया। इसके बाद इस्लाम नगर में सितारा नामक महिला की मुखबिरी के शक में हत्या कर दी। लगातार आरोपी दिल्ली और यूपी में वारदात को अंजाम देता रहा। पुलिस फूल मियां से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।