दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली के मोस्ट वांटेड बदमाश मोहम्मद बुरहान उर्फ बुहानुद्दीन (20) को रामपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया है। पुलिस से बचने के लिए आरोपी गंदे पानी के नाले में कूद गया था।
पुलिसकर्मियों ने भी नाले में छलांग लगा दी और आरोपी को दबोच लिया। वह दिल्ली व एनसीआर में हथियारों के बल पर लूट की 50 से ज्यादा वारदातों अंजाम दे चुका है। आरोपी की एक वारदात की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी।
स्पेशल सेल डीसीपी मनीषी चंद्रा के अनुसार, नार्थ-ईस्ट जिले के स्पेशल स्टाफ ने बुरहान के दो साथियों को हाल ही में गिरफ्तार किया था। बुरहान दिल्ली, फरीदाबाद, नोएडा व बिजनौर में 10 मामलों में गिरफ्तार हो चुका था।
मई में वह जमानत पर जेल से बाहर आ गया था और अपने गिरोह को फिर से संगठित किया। उनको हथियार उपलब्ध कराए। ये लूटे गए या चोरी के दोपहिया वाहन से लूट की वारदात करते थे। इस गिरोह ने मॉडल टाउन इलाके में रात के समय हथियारों के बल पर कारोबारी को उस समय लूट लिया था जब वह अपने घर में कार पार्क कर रहा था।