फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi NCR News: त्योहारों पर घर जाने वालों के लिए रेलवे की खास तैयारी

विज्ञापन
विज्ञापन
नई दिल्ली स्टेशन पर स्थायी यात्री होल्डिंग एरिया शुरू, आनंद विहार में चार हजार यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था
विज्ञापन



अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दीपावली और छठ महापर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उत्तर रेलवे ने दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अजमेरी गेट की ओर प्रवेश द्वार के पास शेड लगाकर स्थायी यात्री होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है। यहां यात्री ट्रेन के रवाना होने से पहले ठहर सकेंगे। आनंद विहार टर्मिनल और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
रेलवे का उद्देश्य स्टेशन के प्रवेश द्वार, फुटओवर ब्रिज और प्लेटफॉर्म पर एक साथ भीड़ जमा होने से रोकना है। नई दिल्ली स्टेशन पर यात्रियों को सीधे प्लेटफॉर्म पर जाने के बजाय पहले निर्धारित होल्डिंग एरिया में रोका जा सकेगा। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचने और यात्रियों के चढ़ने की प्रक्रिया शुरू होने पर उन्हें व्यवस्थित तरीके से आगे भेजा जाएगा। इससे प्लेटफॉर्म पर भीड़ और धक्का-मुक्की की आशंका कम होगी। बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड जाने वाली ट्रेनों के समय सबसे अधिक भीड़ रहती है। इनमें सामान्य श्रेणी के यात्रियों की संख्या ज्यादा होती है।
विज्ञापन

टिकट से लेकर सुरक्षा जांच तक की सुविधा
होल्डिंग एरिया में यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर, स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन, उद्घोषणा प्रणाली और इलेक्ट्रॉनिक ट्रेन सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, सामान की जांच करने वाले स्कैनर और मेटल डिटेक्टर की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा यात्रियों के लिए पीने का पानी, बेहतर रोशनी और पंखों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। पुरुषों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग शौचालय भी बनाए गए हैं।
आनंद विहार : सामान्य और आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के प्रवेश मार्ग अलग
आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर करीब चार हजार यात्रियों के ठहरने की क्षमता वाला यात्री सुविधा शिविर तैयार किया गया है। यहां बैठने, पीने के पानी, शौचालय, खानपान और टिकट लेने की सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। भीड़ नियंत्रित करने के लिए सामान्य और आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के प्रवेश मार्ग अलग रखने की योजना है। सामान्य टिकट वाले यात्री सुविधा शिविर की ओर से प्रवेश करेंगे, जबकि आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को मुख्य भवन के सामने बने प्रवेश द्वार से स्टेशन में भेजा जाएगा। इससे दोनों श्रेणियों के यात्रियों की भीड़ एक जगह जमा नहीं होगी।
विज्ञापन

विशेष ट्रेनों से मिलेगी राहत
त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए उत्तर रेलवे विभिन्न मार्गों पर आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेनें भी चला रहा है। इससे बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे और नियमित ट्रेनों पर दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें