बल्लभगढ़ स्थित आर्यनगर में मंगलवार को हुई समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक में राज्य सरकार के छात्रसंघ चुनाव कराने के निर्णय का स्वागत किया है।
लेकिन अप्रत्यक्ष प्रणाली अपनाए जाने को अव्यवहारिक व तर्कहीन बताते हुए सीधे तौर पर चुनाव कराने की मांग की है। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह भाटी ने की।
बैठक का आयोजन समाजवादी किसान सभा के अध्यक्ष टी एस गौड़ द्वारा किया गया था। सपाध्यक्ष ने कहाकि छात्र संघों के चुनाव कराने की मांग सबसे पहले समाजवादी पार्टी ने ही वर्तमान सरकार बनते ही उठायी थी।
पार्टी इस घोषणा का स्वागत तो करती है लेकिन चुनाव की जो प्रक्रिया सरकार द्वारा बतायी जा रही है उसकी कठोर निंदा करती है। उन्होंने कहाकि क्लास स्तर पर मॉनिटर का चुनाव ना केवल पढ़ाई के माहौल को बिगडने का काम करेगा बल्कि विद्यार्थियों में आपसी एकता व सौहार्द को खराब करेगा।
भाटी ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्यसभा चुनावों में जो खेल खेला है उससे प्रदेश का नाम समूचे देश में शर्मसार हुआ है।