देशभर के 75 से अधिक बुनकर और इकाइयां भाग लेंगी, प्रदर्शनी रोज सुबह 11 से रात आठ बजे तक
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। नेशनल डिजाइन सेंटर, विकास आयुक्त (हथकरघा) और वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से स्पेशल हैंडलूम एक्सपो ‘सूतधारा’ का आयोजन एक से आठ दिसंबर तक जनपथ स्थित हैंडलूम हाट में होगा। प्रदर्शनी रोजाना सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक खुली रहेगी।
इस आठ दिवसीय मेले में देशभर से 75 से अधिक बुनकर, स्वयं सहायता समूह, सहकारी समितियां और उत्पादन इकाइयां हिस्सा लेंगी। उद्देश्य पारंपरिक बुनाई शैलियों और हथकरघा उत्पादों को बढ़ावा देना है, ताकि बुनकरों की कला सीधे ग्राहकों तक पहुंच सके।
एक्सपो में कॉटन और सिल्क की साड़ियां, शॉल, स्टोल, ट्वीड, ड्रेस मटीरियल और अन्य फैब्रिक उपलब्ध होंगे। सभी उत्पाद सीधे बुनकरों द्वारा दिए जाएंगे, जिससे ग्राहकों को शुद्ध हैंडलूम उत्पाद और बुनकरों को उचित मूल्य मिलेगा। आयोजन का लक्ष्य बुनकरों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ना और हथकरघा क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ाना है। वस्त्र मंत्रालय और नेशनल डिजाइन सेंटर का यह प्रयास भारतीय हथकरघा परंपरा को संरक्षण और कारीगरों को सशक्त बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।