दिल्ली वालों को आशियाने की सौगात जल्द ही दिल्ली विकास प्राधिकरण देने वाला है। इसी साल डीडीए नई हाउसिंग स्कीम लेकर आने की तैयारी में जुट गया है। इस स्कीम में दस हजार के करीब फ्लैटों को शामिल किया जाएगा।
दिल्ली के विभिन्न इलाकों में दिसंबर तक डीडीए की हाउसिंग स्कीम 2015 लांच हो जाएगी। संभव है कि इसका ड्रॉ निकलने के बाद नए साल में लोगों को घर का तोहफा मिले। डीडीए के एक अधिकारी ने बताया कि इस प्रक्रिया में प्राधिकरण जोर शोर से जुटा हुआ है। जल्द ही इस स्कीम की घोषणा की जाएगी।
बता दें कि पिछले साल डीडीए ने 26 हजार के करीब फ्लैटों के लिए स्कीम की घोषणा की थी। सही लोगों तक फ्लैट पहुंचे इसके लिए पांच साल तक फ्लैटों के नहीं बेचने पर पाबंदी लगाई गई है। नई स्कीम में भी यह नियम लागू रहेगा।
एक लाख घर बनाने का दावा हो रहा फेल
राजधानी में घर की समस्या को देखते हुए हर साल एक लाख फ्लैट बनाने का लक्ष्य डीडीए को दिया गया था। डीडीए हजारों फ्लैटों का निर्माण तो कर रहा है लेकिन समय पर कार्य पूरा नहीं होने के कारण संभव है कि नई स्कीम में भी एक लाख परिवार को घर देने की बात झूठी साबित हो।
नई बोतल में पुरानी शराब
डीडीए की इस नई हाउसिंग स्कीम में ज्यादातर वैसे फ्लैट होंगे जो पिछले स्कीम में शुमार किए गए थे। रोहिणी व द्वारका इलाके में बने इन फ्लैटों को एलआईजी के नाम पर बेचा गया लेकिन जब फ्लैट बनाने की नींव पड़ी तो यह कहा गया था कि इसे इकोनॉमिक वीकर सेक्शन के लिए बनाया जा रहा है। घर छोटा व मूलभूत सुविधा केअभाव के कारण साढ़े सात हजार फ्लैटों को लोगों ने लौटा दिया है। डीडीए इन्हीं फ्लैटों को अपने नई स्कीम में शामिल करने की योजना बना रहा है।
एलआईजी फ्लैटों की संख्या ज्यादा
डीडीए की नई हाउसिंग सकीम से सभी वर्ग के लोगों को फायदा नहीं पहुंचेगा। नई स्कीम में आठ हजार के करीब एलआईजी फ्लैट होंगे। फिलहाल डीडीए की योजना दस हजार फ्लैटों की स्कीम निकालने की है लिहाजा दो हजार फ्लैट ही एमआईजी, एचआईजी, एक्सपेंडेबल फ्लैट होंगे। डीडीए के एक अधिकारी ने बताया कि जो फ्लैट तैयार हैं उन्हीं को स्कीम में शामिल किया जाएगा। रोहिणी, द्वारका, नरेला के ज्यादातर फ्लैट नई स्कीम में शामिल किया जाएगा।