गुरुग्राम के फाजिलपुर झाड़सा गांव में डेढ़ वर्ष पूर्व एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक हरपाल के दामाद समेत दो सुपारी किलर को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी दामाद ने खुलासा किया कि पत्नी के साथ झगड़ा होने पर उसके ससुर ने उसके साथ मारपीट की थी।
इस रंजिश के कारण उसने एक करोड़ की सुपारी देकर बदमाशों से ससुर की हत्या करवा दी थी। एसीपी (अपराध-1) प्रीतपाल ने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
26 जनवरी 2019 को फाजिलपुर झाड़सा गांव निवासी हरपाल की दो बाइक पर आए कुछ बदमाशों ने सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी थी। सूचना के बाद पुलिस जांच में उनकी बेटी ने बताया कि पिताजी प्लॉट से घर की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान बाइकों पर आए बदमाशों ने बहाने से पिताजी को रोका और गोली मारकर फरार हो गए।
अपराध शाखा प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र हुड्डा ने गुरुवार देर रात एक गुप्त सूचना के आधार पर मोकलवास-पचगांव रोड पर केएमपी के पास से तीनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में मृतक के दामाद नरेश के अलावा उसके दो साथी जयवीर और विकास यादव को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त हथियार के बारे में पूछताछ कर रही है।
हरपाल ने गोद ले रखी थी एक बेटी
एसीपी ने बताया कि ससुर द्वारा मारपीट के बाद अवैध हथियार रखने के आरोप में दामाद नरेश जेल गया था। वहां उसकी मुलाकात विकास यादव और उसके एक साथी से हुई। वहीं पर उसने अपने ससुर की हत्या की साजिश रची।
नरेश की पत्नी हरपाल की गोद ली हुई बेटी थी। हरपाल की संपत्ति का कोई दूसरा वारिस न होने के कारण नरेश ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। विकास की योजना पर राहुल व जयवीर ने हत्या को अंजाम दिया।