हरियाणा के फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ में पिता के निकम्मा कहने पर एक युवक ने मुजेसर फाटक के पास बुधवार रात ईएमयू शटल के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। युवक दो महीने पहले गांव मंडकौला से अपने ताऊ के घर सेक्टर-56 रहने के लिए आया था। जीआरपी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
सेक्टर-56 निवासी रणवीर ने बताया कि उनके छोटे भाई देशराज का बड़ा बेटा नवीन दो महीने पहले उनके पास रहने के लिए आया था। नवीन ने स्नातक तक पढ़ाई की हुई है। अभी वह नौकरी की तलाश कर रहा था। जीआरपी सब इंस्पेक्टर राजेंद्र ने बताया कि नौकरी न होने की वजह से युवक के माता-पिता निकम्मा होने का ताना मारते रहते थे।
इसकी वजह से वह कई दिनों से परेशान चल रहा था। बुधवार की रात 9 बजे युवक नवीन ने ईएमयू शटर के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजन को सौंप दिया।