उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में शनिवार सुबह प्रॉपर्टी विवाद में एक बेटे ने बुजुर्ग मां को जमकर पीटा। चीखें सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने 65 साल की बुजुर्ग ओमवती को बेटे से छुड़ाया। वारदात के बाद उनका बेटा जगवीर फरार हो गया। ओमवती को जगप्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई। भजनपुरा थाना पुलिस ने ओमवती के बयान पर जगवीर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, ओमवती परिवार के साथ गली नंबर-1 गामड़ी गांव में रहती हैं। काफी दिन से मकान को लेकर उनके बेटे आपस में झगड़ा करते थे। ओमवती ने प्रॉपर्टी का बंटवारा करने की ठानी और इसे बेटों में बांट दिया। प्रॉपर्टी का एक हिस्सा उन्होंने अपने पास रखा। शनिवार को ओमवती अपने हिस्से की मरम्मत करा रही थीं।
इसी बीच उनका बड़ा बेटा जगवीर पहुंचा और कहा कि मकान की मरम्मत कराने के बजाय वह अपना हिस्सा उसे सौंप दें। ओमवती ने मना किया तो उसने मां को घूंसे मारने शुरू कर दिए। ओमवती चिल्लाने लगीं तो पड़ोसी आ गए। जगवीर फरार हो गया। पीड़िता घायल होकर वहीं गिर गई। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया।