राजस्थान की एसओजी की टीम रविवार को रात करीब 10 बजे तावडू के बेस्ट वेस्टर्न कंट्री क्लब रिसॉर्ट में कांग्रेस के बागी विधायकों को खोजने के लिए पहुंची, मगर टीम को क्लब में एंट्री नहीं दी गई। इस कारण करीब 10 मिनट बाद टीम वापस चली गई। टीम 3 गाड़ियों में आई थी।
सूत्रों के अनुसार एसओजी की टीम पूरा दिन दिल्ली में राजस्थान कांग्रेस के बागी विधायकों को राज्य सरकार गिराने की वायरल हुए कथित ऑडियो क्लिप के सिलसिले में खोजने में लगी हुई थी। मगर टीम को दिल्ली में राजस्थान कांग्रेस के विधायक नहीं मिले।
इस बीच टीम को सूचना मिली कि तावडू स्थित इस क्लब में विधायक रुके हुए हैं। इसके बाद टीम करीब 9 बजे दिल्ली से तावडू के लिए रवाना हुई, मगर यहां टीम को अंदर जाने नहीं दिया गया। खास बात यह है कि क्लब के मुख्य गेट पर हरियाणा पुलिस तैनात नहीं थी। गेट अंदर से बंद है।
बताया जा रहा है कि क्लब में पिछले दरवाजे से लोगों का आना जाना हो रहा है। यहां रविवार शाम को हरियाणा नंबर की एक गाड़ी में एक नेता को आते देखा गया था। यह नेता राजस्थान कांग्रेस का विधायक बताया जा रहा है। इसके अलावा यहां विधायकों के समर्थक 1 सप्ताह से रुके हुए हैं।
यह भी सूचना मिली है कि राजस्थान कांग्रेस के कुछ विधायक यहां पर आते रहे हैं, हालांकि विधायकों को आईटीसी ग्रैंड भारत होटल में ठहराया गया था, जहां से कांग्रेस के विधायक शनिवार देर शाम चले गए।