12 मई की शाम से लापता हुई कशिश (5) को ढूंढने में अब तक नाकाम रही पुलिस के खिलाफ परिजन और अन्य लोगों ने जिलाधिकारी आवास से सिटी मजिस्ट्रेट दफ्तर तक पैदल मार्च निकाला।
उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंप बच्ची को तत्काल ढूंढने की गुहार लगाई है। बता दें कि इससे पहले भी परिजनों ने रविवार को सेक्टर-12 से थाना सेक्टर-24 तक पैदल मार्च निकाला था।
मूलरूप से उत्तराखंड निवारी संजय रावत सेक्टर-22 के एच ब्लाक में रहते हैं। उनकी पांच वर्षीय बेटी कशिश 12 मई को पार्क में खेलने गई थी। जहां से वह घर वापस नहीं लौटी। कशिश को ढूंढने के लिए परिजन के साथ पुलिस भी प्रयास कर रही है।
सोशल साइट का भी सहारा लिया जा रहा है। शिप्रा इंदिरापुरम गाजियाबाद में रहने वाली कुसुम भट्ट ने बताया कि उनके पास पिछले दिनों वाट्स ऐप पर कशिश का फोटो आया था। जिसके बाद उन्होंने परिजन से संपर्क किया।
उत्तरांचल परिवार समिति के सदस्य व अन्य लोग बुधवार को सुबह 11 बजे जिलाधिकारी आवास पर एकत्र हुए। जहां से पैदल मार्च निकाल कर सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। सिटी मजिस्ट्रेट ने परिजन को आश्वासन दिया कि बच्ची को ढूंढने के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है।
कशिश नाम से बनाया वाट्स ऐप ग्रुप
कशिश को खोजने के लिए कुसुम भट्ट समेत कई लोगों ने मुहिम कशिश नाम से वाट्स ऐप ग्रुप बना रखा है। कशिश का जल्द से जल्द पता लगाने के लिए इसमें देशभर से लोगों को जोड़ा जा रहा है।
नोएडा पुलिस पिछले कई दिनों से कशिश को ढूंढने में जुटी है, लेकिन अभी तक कुछ हासिल नहीं हुआ है। जांच के नाम पर केवल पोस्टर चिपकाने से काम चल रहा है। अगर स्थानीय पुलिस जांच कर रिजल्ट नहीं दे पा रही है तो क्राइम ब्रांच को भी जांच में लगाया जाना चाहिए।- संजय रावत, कशिश के पिता