फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल-उत्तराखंड-जम्मू में बर्फबारी, दिल्ली-एनसीआर और मध्यप्रदेश में बारिश के साथ गिरे ओले

Thu, 07 Feb 2019 09:24 AM IST
रचना शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
हिमाचल प्रदेश-उत्तराखंड और जम्मू के कई इलाकों में बुधवार को जमकर बर्फबारी हुई। आज भी भारी बर्फबारी के आसार हैं। बादल भी फट सकते हैं। वहीं दिल्ली-एनसीआर में भी सुबह-सुबह बारिश हुई, कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई है। इसके अलावा मध्य प्रदेश में बारिश के साथ ओले गिरने की खबर है। 
विज्ञापन


         

हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों में बुधवार को बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। रोहतांग, सोलंगनाला समेत पांगी-भरमौर की पहाड़ियां बर्फ से लकदक हो गई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने वीरवार को प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी होने की चेतावनी जारी की है।
विज्ञापन


इस चेतावनी को देखते हुए राज्य सरकार ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। रोहतांग दर्रा में बुधवार को दूसरे दिन भी बर्फबारी को दौर जारी रहा। इसके अलावा कुल्लू और लाहौल की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी हुई। पहाड़ों में दो दिनों से बर्फबारी होने से घाटी के निचले इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

जिला चंबा के कबायली क्षेत्र भरमौर-पांगी की ऊपरी चोटियों सहित तहसील मुख्यालय में भी दस इंच तक बर्फबारी हुई। किहार सेक्टर के तहत धार मंदराला, गढ माता, चोंडी की घोड़ी, वन का गोठ, फैजाल, सौंणतीथ, मराली धार, सिप्पीधार में छह इंच तक ताजा हिमपात हुआ। जनजातीय क्षेत्र भरमौर की ऊपरी चोटियों मणिमहेश, काली छौ, कुगति, चौबिया, सुप्पा, बडग्रां, तुंदाह, उलांसा, स्वाई, चन्हौता, कवारसी, भटौर, जालसू में दस इंच बर्फबारी रिकॉर्ड हुई।
Trending Videos

प्रदेश में आज भारी बारिश और बर्फबारी का रेड अलर्ट

snowfall/uttarakhand
वहीं उत्तराखंड के ज्यादातर इलाकों में आज भारी बारिश और बर्फबारी का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए शासन ने पांच पर्वतीय जिलों (पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली) में कक्षा एक से 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। लेकिन, शिक्षकों को नियत समय पर स्कूल पहुंचना होगा।

मौसम विभाग ने जारी बुलेटिन में बताया कि पहाड़ी इलाकों में बहुत भारी बर्फबारी हो सकती है। विशेषकर चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा के अधिक ऊंचाई वाले जिलों में भारी बर्फ गिरने की संभावना है। 

जबकि अन्य जिलों और निचले पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान हरिद्वार, देहरादून और ऊधमसिंह नगर में ओले गिर सकते हैं। 

मौसम विभाग के इस रेड अलर्ट के बाद शासन ने सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक एहतियात बरतने के निर्देश जारी कर दिए हैं। अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही रोकने को कहा गया है। साथ ही बर्फबारी से सड़क और रास्ते बंद होने की दशा में तुरंत खोलने के लिए प्रभावी इंतजाम करने को कहा गया है।

केदारनाथ और बदरीनाथ में हुई बर्फबारी, ठंड बढ़ी

snowfall/uttarakhand
पहाड़ के विभिन्न हिस्सों में बुधवार दोपहर बाद फिर मौसम का मिजाज बिगड़ गया। रुद्रप्रयाग और चमोली जिले में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से ठंड बढ़ गई है। केदारनाथ में बुधवार दोपहर बाद से शुरू हुई हल्की बर्फबारी देर शाम तक रही। 

धाम में मौजूद कैप्टन सोबन सिंह बिष्ट ने बताया कि मौसम खराब होने से पुनर्निर्माण कार्यों को पुन: शुरू करने की उम्मीदें फिर से धूमिल हो गई हैं। धाम में विगत 21 जनवरी से बिजली की सप्लाई ठप पड़ी है, जिससे पहले से यहां खासी दिक्कतें हो रही हैं। 

केदारनाथ में अब भी 7.5 फीट से अधिक बर्फ मौजूद है। केदारनाथ-गौरीकुंड पैदल मार्ग भी बर्फ से लकदक है। इधर, जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग सहित जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी सूरज और बादलों की आंखमिचौली होती रही। दोपहर बाद कई बार बारिश की बौछारें भी गिरी। 
 
उधर, चमोली जिले में बुधवार को दोपहर एक बजे से बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, नंदा घुंघटी, मंडल, नीती और माणा घाटी में शुरू हुई बर्फबारी देर शाम तक जारी रही। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से निचले क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। गोपेश्वर, जोशीमठ, घाट, पोखरी क्षेत्रों में शाम को बर्फीली हवाएं चलने से लोग अपने घरों में ही दुबके रहे।

जम्मू में हाईवे फिर बंद, सैकड़ों वाहन रोके गए

बर्फबारी - फोटो : अमर उजाला
जम्मू के अधिकतर इलाकों में बुधवार को बर्फबारी व बारिश का सिलसिला रुक-रुककर जारी रहा। पर्यटकों व स्थानीय लोगों ने बर्फबारी का लुत्फ उठाया। बर्फबारी व पस्सियां गिरने से एक बार फिर जम्मू श्रीनगर नेशनल हाईवे बंद हो गया है। इससे सैकड़ों वाहन को रोक दिया गया है। जम्मू के सीमावर्ती क्षेत्र कानाचक्क के ललेयाल में बिजली गिरने से एक भैंस की मौत हो गई। 

बुधवार को कश्मीर में जमकर बर्फबारी हुई। इस वजह से श्रीनगर जाने वाली 27 में से 15 उड़ानों को रद्द कर दिया गया। जम्मू के मैदानी इलाकों में बारिश हुई, जबकि पटनीटाप, नत्थाटाप, जुगधार, देराटाप, लद्दाधार, शिवगढ़ धार और स्योजधार में बर्फबारी हुई है। जवाहर टनल इलाके में भारी बर्फबारी हुई है। पंथेयाल, अनोखी फाल में पहाड़ों से पत्थर गिरने से हाईवे बंद हो गया है। 

जम्मू में भी दिन भर बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार खराब मौसम का सिलसिला वीरवार को भी जारी रहेगा। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी व मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है। 

श्रीनगर में बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान माइनस 1.0 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू में दिन का अधिकतम तापमान 16.2 और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है।
विज्ञापन

दिल्ली में बारिश - फोटो : ANI
दिल्ली-एनसीआर में आज फिर से बारिश हुई है। बारिश के साथ कई इलाकों में ओले भी गिरे हैं। यूपी के हापुड़ जिले के गांव पीरनगर सूदना में आज सुबह बारिश के साथ हल्की ओलावृष्टि भी हुई है। आसपास के इलाकों में बारिश होने से मौसम का मिजाज बदल गया है। लगातार रिमझिम बारिश हो रही है। 

वहीं, मध्यप्रदेश में भी बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं। ग्वालियर और सतना के कई गांवों में बारिश के साथ ओले गिरे। हरियाणा में बारिश के साथ ओले गिरे हैं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें