बुराड़ी इलाके में बुधवार को कॉल आते ही मोबाइल फोन से धुआं निकलने लगा, इसके बाद फट गया। गनीमत रही कि मोबाइल पकड़े छात्र ने धुआं निकलते ही उसे फेंक दिया था। हादसे में कोई हताहत नही हुआ। अलबत्ता मोबाइल फटने की सूचना मिलते ही पीड़ित के घर पर पड़ोसियों को तांता लग गया। परिवार ने पुलिस को सूचना नही दी है।
हरीश तोमर परिवार के साथ बुराड़ी के कमल विहार में रहता है। हरीश प्राइवेट नौकरी करता है। इसका बड़ा बेटा हर्षित तोमर (18) पढ़ाई कर रहा है। कुछ दिनों पूर्व हर्षित ने एक नामी बड़ी कंपनी का मोबाइल फोन खरीदा था। बुधवार सुबह करीब 7 बजे हर्षित ने फोन चार्जिंग पर लगाया हुआ था। इस बीच उसकी कॉल आ गई।
हर्षित ने फोन को चार्जिंग से निकाला और वह छत पर बात करने जाने लगा। इस बीच हर्षित ने देखा कि मोबाइल से धुआं निकल रहा है। हर्षित ने डर की वजह मोबाइल को दूर फेंक दिया। इस बीच मोबाइल से तेज आग निकली और वह फट गया। हर्षित के शोर मचाने पर परिवार के बाकी सदस्य और पड़ोसी आ गए।