स्मॉग टावर पर बोले मंत्री सौरभ भारद्वाज
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित स्मॉग टॉवर को बंद कर दिया गया है। कथित तौर पर वेतन में देरी के कारण इसके संचालन के लिए जिम्मेदार कर्मियों द्वारा इसे बंद किया गया है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा सरकार को इसकी मरम्मत करने और इसे चालू करने का निर्देश देने के बाद पिछले साल नवंबर में इसे चालू किया गया था।
दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'आज दिल्ली में इतनी बुरी व्यवस्था थोप दी गई है कि सभी अधिकार चंद अधिकारियों के हाथ में दे दिए गए हैं। उन अधिकारियों ने पहले स्मॉग टावर चलने नहीं दिया। कोर्ट से फटकार लगी तो स्मॉग टावर चलाया गया, वरना उससे पहले अधिकारी फाइल पर लिख रहे थे कि इसे चलाने की जरूरत नहीं है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'अब अधिकारी मंत्रियों के निर्देश पर काम नहीं कर रहें हैं। अधिकारियों को पता है कि वे मंत्रियों के निर्देशों की अवहेलना करेंगे तो हमारा कुछ नहीं होगा। ऐसे में अव्यवस्था फैल रही है। ये केंद्र सरकार द्वारा जान बूझकर फैलाई जा रही है।'