अब इमरजेंसी रोस्टिंग होने पर भी आपके घर की बिजली नहीं जाएगी। यदि आप घर के बाहर निकले हैं और एसी, फ्रिज, कूलर व टीवी बंद करना भूल गए हैं तो एक एसएमएस के जरिए उन्हें ऑफ कर सकेंगे।
यह मुमकिन होगा अगस्त से आपके घर में लगने वाले स्मार्ट मीटर से। पावर कारपोरेशन ने बिजली बचाने और फिजूलखर्ची रोकने के लिए इन मीटरों का सहारा लिया है।
इनका फायदा ये होगा कि ओवरलोडिंग होने पर बिजली काटने की बजाय घरों में सप्लाई कम कर दी जाएगी। सप्लाई कम होने का एक एसएमएस आपके मोबाइल पर भी आएगा। ताकि लोड कम होने से पहले ही आप बिजली उपकरणों को बंद कर सकें।
पावर कारपोरेशन अब नई तकनीक के साथ नए युग में प्रवेश करने जा रहा है। सूबे में 24 घंटे बिजली मिलेगी, लेकिन उपभोक्ता मनमाना प्रयोग नहीं कर सकेंगे।
पीक आवर्स में ओवरलोड होने पर अब रोस्टिंग में बिजली नहीं काटी जाएगी बल्कि लोड कम कर दिया जाएगा। ताकि उपभोक्ता केवल लाइट और पंखा चला सकें। चाहकर भी एसी, फ्रिज, कूलर व टीवी-वासिंग मशीन आदि ज्यादा बिजली खर्च करने वाले उपकरण नहीं चला सकेंगे। स्मार्ट मीटर इन पर कंट्रोल रखेगा।
यह है योजना?
पावर कारपोरेशन आरएपीडीआरपी के पार्ट बी के तहत उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाएगा। ये मीटर कारपोरेशन के आटो कंट्रोल में होंगे। बिजली की कमी होने पर ग्रिड, पावर स्टेशन या ट्रांसफार्मर ओवरलोड नहीं होंगे। ओवरलोडिंग की स्थिति में संबंधित क्षेत्र,कस्बे या जनपद के विद्युत मीटरों को कमांड दी जाएगी।
इससे विद्युत मीटर की हाई रिले आफ हो जाएगी और लो रिले वर्क करने लगेगी। इससे उपभोक्ता कारपोरेशन कमांड के अनुसार अपने कनेक्शन की आधी या चौथाई बिजली प्रयोग कर सकेंगे।
यहां हो चुका है प्रयोग सफल
स्मार्ट ग्रिड और स्मार्ट मीटर का प्रयोग बंगलूरू के बैसकाम, आंध्र प्रदेश के हैदराबाद और मुंबई में रिलायंस इनर्जी के प्रयोग में सफल रहा है। बिजली की कमी और दुरुपयोग के चलते अब यूपी में लागू किया जाएगा। कंसल्टेंसी एजेंसी इंफोसिस और इंप्लीमेंट एजेंसी एचसीएल के सहयोग से इसकी तैयारियां हो चुकी हैं।
स्मार्ट मीटर से आटो कमांड निर्देशों के अनुसार ही पावर आउटपुट मिलेगा। इससे छेड़छाड़ करने पर आटो लॉक हो जाएगा। इसे संबंधित क्षेत्र के अफसर ही दोबारा शुरू करा सकेंगे।
यह भी करेगा काम
स्मार्ट मीटर को उपभोक्ता भी कमांड दे सकेंगे। ये घर-ऑफिस से बाहर कहीं भी होने के बावजूद मोबाइल से कमांड देकर अपने विद्युत उपकरणों को ऑन-ऑफ कर सकेंगे। स्मार्ट मीटर को कमांड देकर घर के किसी भी उपकरण को ऑन-ऑफ किया जा सकेगा।