स्मार्ट सिटी के काम को गति देने के लिए केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की टीम सितंबर महीने में नगर निगम का दौरा करेगी। वह स्मार्ट सिटी के प्रस्तावों का अवलोकन करने के बाद विकास कार्यों पर अपने सुझाव देगी।
टीम करीब पांच दिनों तक शहर में रुकेगी। ये जानकारी स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी एवं एसई डीआर भास्कर ने दी। ज्ञात हो कि पिछले दिनों 23 फास्ट ट्रैक शहरों की सूची में फरीदाबाद को भी शामिल कर लिया गया है। फरीदाबाद के नए प्रस्तावों में इस बार 1267 एकड़ क्षेत्र को एरिया बेस्ड में शामिल किया है। इस पर 2604 करोड़ रुपये खर्च कर स्मार्ट बनाया जाएगा।
इसके अलावा पैन सिटी में पूरे शहर को शामिल किया गया है। इसमें पार्किंग व यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए कई प्लान तैयार किए गए हैं। एसपीवी का गठन सरकार के पास अभी लंबित है।
नगर निगम एसई डीआर भास्कर ने बताया कि सितंबर महीने में पांच से दस सितंबर तक मंत्रालय की टीम वर्ल्ड बैंक अधिकारियों के साथ शहर में आएगी और स्मार्ट सिटी के लिए चुने गए क्षेत्रों का निरीक्षण करेगी। तमाम संभावनाओं का अवलोकन करने के बाद शहर को बेहतर तरीके से कैसे स्मार्ट बनाया जा सकता है, इसके बारे में वह अपने सुझाव देगी।