सेक्टर- 32 से सेक्टर- 62 मेट्रो कॉरिडोर के स्टेशन सेक्टर- 52 और नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो रूट के स्टेशन सेक्टर- 71 को जोड़ने के लिए स्काईवॉक बनेगा। मंगलवार को प्राधिकरण के सीईओ पीके अग्रवाल ने इसकी मंजूरी दे दी।
स्काईवॉक से दोनों रूट के लिए यात्री मेट्रो बदल सकेंगे। वहीं, इसके नीचे की दस हजार स्क्वॉयर मीटर जमीन को मल्टी मॉडल ट्रैफिक इंटरचेंज के तौर पर विकसित किया जाएगा।
प्राधिकरण में हुई बैठक के बारे में जानकारी देते हुए डीसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने बताया कि सेक्टर- 52 मेट्रो स्टेशन को स्काईवॉक के जरिये सेक्टर-71 स्टेशन से जोड़ा जाएगा। इसके लिए सीईओ ने मंजूरी दे दी है।
इसके नीचे स्टेशनों के क्षेत्र में आने वाली 10 हजार स्क्वॉयर मीटर जमीन पर मल्टी मॉडल ट्रैफिक इंटरचेंज बनाया जाएगा। इसे विकसित करने का अधिकार नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) को दिया जाएगा।
इसमें मेट्रो स्टेशनों की ओर आने वाले वाहनों के लिए रास्ता, पार्किंग, बस स्टॉप और कमर्शियल गतिविधियां होंगी। उन्होंने बताया कि नोएडा-ग्रेनो मेट्रो के लिए 50 करोड़ रुपये का फंड रिलीज कर दिया गया है।
बैठक में कई अन्य मामलों पर भी सीईओ ने निर्देश जारी किए, जिसमें बिसरख पुल के लिए नोएडा क्षेत्र में आने वाली कनेक्टिविटी रोड के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहीत कर निर्माण जल्द शुरू करने आदि निर्देश शामिल हैं।