कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों के अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। छह साल का नन्हा शिवभक्त प्रिंस भी गंगाजल भरने के लिए अपनी टीम के साथ हरिद्वार रवाना हो चुका है। खास बात यह है कि प्रिंस अपनी टीम के साथ स्केटिंग करते हुए हरिद्वार से गंगाजल लाएगा। इस दौरान टीम 230 किमी का पूरा सफर स्केटिंग पर ही पूरा करेगी।
शुक्रवार को जीटा-1 स्थित दरबारी लाल फाउंडेशन वर्ल्ड स्कूल से शहर के नौ कांवड़िये (स्केटिंग खिलाड़ी) हरिद्वार के लिए रवाना हुए। इनमें गामा-1 ग्रेनो निवासी छह साल का प्रिंस शिहॉग भी शामिल है।
गौतमबुद्ध नगर रोलर स्केटिंग स्पोर्ट्स के अध्यक्ष देवेंद्र नागर और खिलाड़ियों के माता-पिता ने धार्मिक यात्रा के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। ये कांवड़िये 28 जुलाई की सुबह हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर ग्रेटर नोएडा के लिए चलेंगे।
230 किलोमीटर का सफर स्केटिंग से ही करेंगे। कांवड़िये 29 जुलाई को शाम तक ग्रेटर नोएडा पहुंचकर गामा-1 स्थित शिव गौरी मंदिर में परिक्रमा करेंगे। 30 जुलाई को शिवरात्रि पर सभी अपने गांव के मंदिर में गंगा जल चढ़ाएंगे।