ग्रेनो वेस्ट में एक सोसायटी की 12वीं मंजिल पर खुले शाफ्ट में छह साल का बच्चा खेलते हुए गिर गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने बिल्डर और सोसायटी प्रबंधन पर लापरवाही से बच्चे की मौत का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस के अनुसार, मूलरूप से छत्तीसगढ़ के जिला जांजगीर चांपा निवासी शत्रुघ्न चौहान पत्नी राधा, दो बेटियों व बेटे के साथ ग्रेनो वेस्ट में ही रहकर मजदूरी करता है। पिछले कुछ दिनों ने शत्रुघ्न बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित ईको विलेज-1 सोसायटी की 12वीं मंजिल पर काम कर रहा था।
सोसायटी का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और फिनिशिंग का काम चल रहा है। राधा ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा है कि उसका छह साल का बेटा केशव खेल रहा था। इसी दौरान 12वीं मंजिल पर बिजली के तारों के लिए छोड़े गए स्थान में केशव गिर गया। शाफ्ट खुला हुआ था और उसमें बचाव व सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं थे।
इससे केशव सीधा जमीन पर जाकर गिरा और गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। इसके बाद परिजनों व अन्य लोगों ने बिल्डर पर लापरवाही से मौत का आरोप लगाकर हंगामा किया। वहीं, पुलिस को लिखित शिकायत देकर बिल्डर व प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि अगर शाफ्ट पर जाली आदि लगाई होती तो बेटे की जान नहीं जाती।