रेलवे स्टेशन पर एक मां छह दिन के अपने बच्चे को छोड़कर चली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मासूम की पहचान कराने के लिए आसपास की महिलाओं को दिखाया, लेकिन बच्चे और उसकी मां के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
बच्चे को नोएडा स्थित सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मुताबिक, सोमवार शाम को दादरी रेलवे स्टेशन की टिकट खिड़की के नजदीक लोगों ने छह दिन के एक बच्चे को कपड़े में लिपटा हुआ देखा।
बच्चे के नजदीक किसी के नहीं होने पर टिकट लेने के आए किसी व्यक्ति ने रेलवे स्टेशन के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। रेलवे के अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को अपने पास ले लिया और स्टेशन के आसपास रहने वाले लोगों को सूचना देकर बुलाया गया।
सूचना मिलते ही सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन बच्चे और उसकी मां के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सका। बच्चे के बारे में जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने उसे नोएडा स्थित सरकारी अस्पताल भेज दिया। जीआरपी उपनिरीक्षक सर्वेन्दर शर्मा ने बताया कि बच्चे के स्वास्थ्य के प्रति सतर्कता रखने के लिए उसे अस्पताल में रखवाया गया है। बच्चे की मां के बारे में पता लगाया जा रहा है।