बाहरी जिला स्पेशल स्टाफ ने निहाल विहार से की सभी की गिरफ्तारी, चार पिस्टल और छह कारतूस बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बाहरी जिले में हथियार मुहैया करने वाले मुख्य आपूर्तिकर्ता समेत छह बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चार पिस्टल और छह कारतूस बरामद किए हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि निहाल विहार इलाके में निलोठी-मीराबाग रोड पर खट्टा के पास एक युवक के हथियार लेकर घूमने की जानकारी मिली। 26 सितंबर को पुलिस ने वहां छापा मारकर निहाल विहार निवासी रवि को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पुलिस ने दो पिस्टल और चार कारतूस बरामद किए।
रवि ने पूछताछ में बताया कि उसने आयुष से हथियार खरीदे थे। पुलिस ने 27 सितंबर को निहाल विहार निवासी आयुष और दीपक को गिरफ्तार कर लिया। दो अक्तूबर को गंदा नाला पुलिया के पास से बागपत यूपी निवासी संजय को और निहाल विहार निवासी विपुल और गाजियाबाद यूपी निवासी ऋषभ पाल को गिरफ्तार कर लिया।