रविवार देर रात पुलिस ने सिंघु बॉर्डर की सर्विस लेन को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है। वहीं, फ्लाई ओवर पर पहले की तरह रास्ता बंद है। इसी तरह गाजीपुर में फ्लाई ओवर पर आने जाने वाले रास्तों की एक लेन को खोल दिया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार देर रात को करीब दो बजे सिंघु बॉर्डर पर दिल्ली व हरियाणा की ओर आने-जाने वाले वाहनों के लिए दोनों सर्विस लेन खोल दी गई है। देर रात से ही वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। सुबह 11 बजे तक दिल्ली व हरियाणा की सीमा में करीब दो से तीन किलोमीटर तक वाहन रेंगते हुए नजर आए।
वहीं, फ्लाइओवर पहले की तरह बंद है और वहां सुरक्षाबल तैनात हैं। सोमवार को यहां सुरक्षाबलों की संख्या में भी कमी दिखी। इसी तरह रविवार सुबह टिकरी बॉर्डर पर हरियाणा से दिल्ली और दिल्ली से हरियाणा जाने वाले रास्ते की एक-एक लेन खोल दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि फ्लाई ओवर के नीचे लगाए गए जर्सी बैरियर को अभी खोला नहीं गया है।