-12-13 जून को श्रीराम सेंटर में आयोजित होगा मैथिली ड्रामा और डिजिटल क्रिएटर्स कॉन्क्लेव
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। मैथिली भाषा और रंगमंच को एक मंच पर लाने के लिए मैथिली ड्रामा और डिजिटल क्रिएटर्स कॉन्क्लेव 2026 का आयोजन होने जा रहा है। इसका आयोजन मैथिली लिंग्विस्टिक्स रिसर्च काउंसिल (एमएलआरसी) कर रही है, जो 12 और 13 जून को श्रीराम सेंटर में आयोजित होगा। आयोजकों का मानना है कि कॉन्क्लेव पारंपरिक थिएटर और आधुनिक डिजिटल माध्यमों के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में सामने आएगा। कार्यक्रम में कला, भाषा और तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजन में दो प्रमुख नाट्य प्रस्तुतियों के साथ 100 से अधिक डिजिटल क्रिएटर्स की सहभागिता होगी। इसके अलावा पैनल चर्चाएं, संवाद सत्र और कंटेंट निर्माण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
आयोजकों के मुताबिक, यह मैथिली भाषा में गुणवत्तापूर्ण कंटेंट निर्माण और उसके व्यापक प्रसार के लिए मंच तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। सम्मेलन के माध्यम से डिजिटल मंचों पर मैथिली भाषा की उपस्थिति को सशक्त बनाने की योजना है। वहीं, कॉन्क्लेव के जरिए 8 से 15 मिलियन से अधिक दर्शकों तक पहुंच बनने की संभावना जताई जा रही है। आयोजन स्थल पर लगभग 300 से 500 दर्शकों की उपस्थिति अपेक्षित है। कार्यक्रम के दौरान 500 से अधिक डिजिटल कंटेंट (रील्स, लघु फिल्में और वीडियो) का निर्माण और प्रदर्शन भी किया जाएगा।