शहर के सेक्टर 29 स्थित लेजर वैली ग्राउंड में शनिवार को ‘अमर उजाला’ की ओर से आयोजित शॉपिंग फेस्टिवल का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) के महानिदेशक एसपी गुप्ता ने मेले की शुरुआत की। एसआरएम यूनिवर्सिटी इसकी मुख्य प्रायोजक है, जबकि इवेंट पार्टनर इंडियन डेवलपमेंट फाउंडेशन है।
महानिदेशक गुप्ता ने मेले का निरीक्षण करने के साथ यहां आए लोगों से बातचीत भी की। गुप्ता ने कहा कि ‘अमर उजाला’ का यह सराहनीय कदम है। इस तरह के आयोजन लोगों के लिए होते रहने चाहिएं।
शहर के लोगों को इस तरह के मेलों में बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए। मुझे खुशी होगी कि भविष्य में भी ‘अमर उजाला’ शहरवासियों के लिए इस तरह के शॉपिंग मेलों का आयोजन करता रहेगा।
परिवार के साथ शॉपिंग के लिए आने वाले ग्राहकों को यहां मनोरंजन से लेकर खानपान के लिए बेहतरीन माहौल मिलेगा। इसमें बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले लगाए गए हैं।
स्कूली बच्चों के लिए कॅरियर काउंसिलिंग सेमिनार आयोजित होगा। इसमें एसआरएम यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञ बच्चों को कॅरियर चुनने के लिए गाइड करेंगे।
यहां लोगों को सहारनपुर का फर्नीचर व जयपुर की जूतियों से लेकर नए डिजाइन की ज्वैलरी, बच्चों के खिलौने और किचन क्रॉकरी एक ही जगह पर मिल रहे हैं।
साथ ही राजस्थान की नमकीन, अचार आदि के स्टॉल भी फेस्टिवल में लगाए गए हैं। यहां सभी के मनोरंजन और जरूरत की तकरीबन हर सामग्री उपलब्ध है।
मेले का समय
सुबह 11:00 से रात 9:00 बजे तक
शॉपिंग मेले में स्टॉल के लिए संपर्क करें - 8396918541
मौसम ने दोगुना किया मेले का आनंद
मेले के शुरू होने का शहर के लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। शनिवार दोपहर के बाद मौसम बदलने के साथ ही लोग मेला देखने के लिए पहुंचने लगे। शाम के समय सुहाने हुए मौसम ने मेले में चार चांद लगा दिए। बड़ी संख्या में लोग मेला देखने के लिए लेजर वैली पहुंचे।
ओम योगा ब्वायज ग्रुप का शानदार प्रदर्शन
ओम योगा ब्वायज ग्रुप के सदस्यों ने मंच पर योग का शानदार प्रदर्शन किया। सेक्टर 4, 7 गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के 50 लड़कों ने यह ग्रुप बनाया है। अजीत सोलंकी के नेतृत्व में सदस्यों ने योग का शानदार प्रदर्शन कर लोगों की वाहवाही बटोरी।