दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा समेत तमाम सियासी दल वोट बैंक घटने-बढ़ने की समीक्षा कर रहे हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि जहां आप और भाजपा के बीच सीधी टक्कर हो रही थी वहीं, क्षेत्रीय दल भी अपना वर्चस्व दिखा रहे थे।
यही वजह है शिवसेना ने पहली बार दिल्ली चुनाव में बेहतर प्रदर्शन दिखाया। शिवसेना ने कहीं कांग्रेस समर्थित आरजेडी तो कहीं बसपा प्रत्याशी तक को पछाड़ दिया। हालांकि, शिवसेना को ज्यादा वोट तो नहीं मिले, लेकिन विधानसभा स्तर पर सियासी दलों की तुलना में अच्छा प्रदर्शन रहा।
शिवसेना ने 70 में से 5 विधानसभा सीट विकासपुरी, चांदनी चौक, मालवीय नगर, करोलबाग और बुराड़ी पर प्रत्याशी उतारे थे। विकासपुरी और मालवीय नगर सीट पर शिवसेना प्रत्याशी पांचवें और छठे स्थान पर रहे, लेकिन बुराड़ी विधानसभा में 18 हजार से अधिक वोट पाकर शिवसेना आप और भाजपा के बाद तीसरे स्थान पर रही।
इस सीट पर कांग्रेस की जगह आरजेडी ने अपना प्रत्याशी मैदान में उतारा था। आरजेडी के प्रमोद त्यागी को 2278 वोट मिले, जबकि शिवसेना प्रत्याशी धर्मवीर को 18044 वोट प्राप्त हुए। चांदनी चौक और करोलबाग सीट पर शिवसेना प्रत्याशी चौथे स्थान पर रहे। इन दोनों सीटों पर आप पहले, भाजपा दूसरे और कांग्रेस तीसरे स्थान पर थी।
कम वोट में भी आगे निकली शिवसेना
सीट वोट मिले स्थान
बुराड़ी 18044 तीसरा
करोल बाग 192 चौथा
चांदनी चौक 242 चौथा
मालवीय नगर 115 पांचवें
विकासपुरी 422 छठे