दशहरा ग्राउंड में प्रजापिता ब्रहमाकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय शिव महोत्सव मेले का शनिवार को समापन हो गया। इस मौके पर डॉ. संजीव छिब्बर एवं मशहूर कथक नृत्यांगना नलिनी एवं कमलिनी भी मौजूद रहे।
समारोह में केंद्र की संचालिका बहन ऊषा ने कहा कि शिव बाबा पर भांग धतूरा इसलिए चढ़ाया जाता है कि इसके माध्यम से हम अपने अवगुणों को त्याग सकें। दिल्ली केंद्र से आई बीके पुष्पा ने लोगों को राजयोग के बारे में बताया और उन्हें इसकी तकनीकी जानकारी भी दी।
इस मौके पर नृत्यांगना नलिनी ने कहा कि धार्मिक कार्यक्रमों से हमें सदगुणों को अपनाने की सीख मिलती है और इनके आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा बना रहता है। उन्होंने कहा हम स्वयं शिक्षित होकर ही दूसरों को शिक्षित कर सकते हैं। इस अवसर पर संजय गेरा, गौरव, अनुराग शर्मा, सुरेन्द्र गेरा, मनमोहन गेरा, सुंदरलाल गाबा, बीके ज्योति, बीके प्रिया, आचार्य ओमप्रकाश शास्त्री सहित अन्य लोग मौजूद थे।