शीला दीक्षित का जन्म 31 मार्च 1938 को पंजाब के कपूरथला में हुआ था। उन्होंने दिल्ली के कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी स्कूल से पढ़ाई की और फिर दिल्ली यूनिवर्सिटी के मिरांडा हाउस कॉलेज से मास्टर्स ऑफ आर्ट्स की डिग्री हासिल की। शीला की शादी उत्तर प्रदेश के आईएएस अधिकारी विनोद दीक्षित से हुई। विनोद दीक्षित कांग्रेस के कद्दावर नेता व बंगाल के पूर्व राज्यपाल उमाशंकर दीक्षित के बेटे थे। मिरांडा हाउस से पढ़ाई के दौरान ही उनकी राजनीति का सफर शुरू हो गया था।
शीला दीक्षित अपनी काम की बदौलत कांग्रेस पार्टी में पैठ बनाती चली गईं। गांधी परिवार से उनका काफी करीबी रिश्ता था। 1998 में शीला दीक्षित प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष बनीं। 1998 में ही लोकसभा चुनाव में शीला दीक्षित कांग्रेस की टिकट पर पूर्वी दिल्ली से चुनाव लड़ीं, लेकिन भाजपा के लाल बिहारी तिवारी से हार का सामना करना पड़ा। बाद में वह मुख्यमंत्री बनीं। शीला दीक्षित गोल मार्केट क्षेत्र से 1998 और 2003 में विधायक चुनी गईं। इसके बाद 2008 में नई दिल्ली क्षेत्र से चुनाव लड़ा।