अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास ‘शीश महल’ को लग्जरी हॉस्पिटैलिटी परियोजना में बदलने के बजाय भ्रष्टाचार के स्मारक के रूप में विकसित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सिविल लाइंस स्थित 6, फ्लैग स्टाफ रोड के सरकारी आवास के नवीनीकरण और विस्तार पर कैग रिपोर्ट के अनुसार 33.66 करोड़ रुपये खर्च हुए, जो जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग है।
यादव ने दावा किया कि कांग्रेस ने पहले इस मामले की शिकायत तत्कालीन उपराज्यपाल वीके सक्सेना से की थी, जिसके बाद निर्माण कार्य रुका और सीवीसी व सीबीआई समेत विभिन्न एजेंसियों से जांच शुरू हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि रेखा गुप्ता सरकार का लोक निर्माण विभाग अब इस परिसर को एक लग्जरी हॉस्पिटैलिटी ऑपरेटर को लीज पर देने की तैयारी कर रहा है। उनका कहना है कि ऐसा होने पर पुराने कथित वित्तीय अनियमितताओं पर पर्दा पड़ जाएगा। यादव ने इस मुद्दे पर भाजपा और आम आदमी पार्टी की मिलीभगत का भी आरोप लगाया।