अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मायापुरी मेट्रो स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान शाफ्ट में गिरने से 54 वर्षीय हाउसकीपिंग कर्मचारी रमेश की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नियमित सफाई के दौरान सिग्नल एंड टेलीकॉम शाफ्ट की जिप्सम बोर्ड फ्लोरिंग टूट गई, जिससे वह नीचे जा गिरा। गंभीर हालत में उसे दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मेट्रो पुलिस उपायुक्त आनंद डाभी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 2:20 बजे आईजीआई एयरपोर्ट मेट्रो थाना पुलिस को हादसे की सूचना मिली। जांच में पता चला कि रमेश बुद्ध नगर, इंद्रपुरी का निवासी था और एम3एस (एमएस सपोर्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड) के माध्यम से मायापुरी मेट्रो स्टेशन पर हाउसकीपिंग कर्मचारी के रूप में कार्यरत था।
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में रमेश सुबह 11:47 बजे अकेले शाफ्ट में प्रवेश करता दिखाई दिया। कुछ देर बाद फ्लोरिंग टूटने से वह नीचे गिर गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि सफाई कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि शाफ्ट की फ्लोरिंग की स्थिति और कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं बरती गई।