सुनंदा पुष्कर की कथित हत्या मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस सांसद शशि थरूर से बृहस्पतिवार को पुलिस ने दोबारा पूछताछ की।
शशि थरूर के साथ दिल्ली पुलिस ने उनके ड्राइवर और नौकर से भी सवाल पूछे। इससे पहले 19 जनवरी को शशि थरूर से पहली बार पूछताछ की गई थी। इस दौरान चार पुलिस अधिकारियों की टीम ने उनसे लगभग पचास सवालों के जवाब मांगे थे।
आज की पूछताछ के बारे में दिल्ली पुलिस कमीश्नर बीएस बस्सी ने बताया कि सुनंदा के बेटे शिव मेनन से पूछताछ के बाद कुछ ऐसे तथ्य सामने आए जिसके बारे में शशि थरूर से पूछताछ करना जरूरी था। सूत्रों की मानें तो शशि थरूर से इंडियन प्रीमियर लीग से जुड़ कुछ सवाल भी पूछे गए।
करीब पांच घंटे तक चली पूछताछ में उनसे लगभग 20 सवाल पूछे गए। उन्हें सरोजनी नगर पुलिस स्टेशन बुलाया गया लेकिन पूछताछ के दौरान उन्हें वसंत विहार पुलिस स्टेशन भी ले जाया गया।