पुलिस रिमांड में अंकित गुर्जर ने भाजपा नेता विजय पंडित की हत्या करने की बात कबूली है। जारचा पुलिस ने अंकित गुर्जर और मोनिका नागर ने रिमांड पर लिया है। दोनों ने बिसाहड़ा बैंक एजेंट की हत्या समेत कई घटनाओं में हाथ होना स्वीकारा है।
उनकी निशानदेही पर तीन बाइक भी बरामद की गई हैं, जिनका इस्तेमाल हत्या और जानलेवा हमले में किया गया है। सीओ दादरी अनुराग सिंह ने बताया कि जारचा कोतवाली क्षेत्र के नरौली गांव निवासी अंकित गुर्जर और दनकौर कोतवाली क्षेत्र के कनारसी गांव निवासी मोनिका नागर सुंदर भाटी गैंग के शार्प शूटर हैं।
दोनों पर कई थानों में संगीन मामले दर्ज हैं। अंकित गुर्जर ने भाजपा नेता विजय पंडित, ट्रांसपोर्टर विनय जोशी तथा बिसाहडा गांव के बैंक एजेंट श्रीपाल की हत्या करना कबूल किया है।
उसने करीब दो सप्ताह पूर्व नरौली के पूर्व प्रधानपुत्र पर फायरिंग करने की बात भी स्वीकार की है। हालांकि, इन घटनाओं को अंजाम देने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।