ओल्ड थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक मासूम से उसके पड़ोस में रहने वाले शख्स ने कुकर्म किया। आरोपी ने जुर्म छिपाने के लिए बच्चे का गला दबा दिया और उसे मरा समझकर झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया। बच्चे के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
ओल्ड थाना क्षेत्र निवासी चार वर्षीय बच्चा रविवार शाम करीब आठ बजे घर के बाहर से गायब हो गया। जब परिजनों ने उसे ढूंढना शुरू किया तो घर से थोड़ी दूर सुनसान इलाके में मोहल्ले का रतन सिंह झाड़ियों के पास खड़ा मिला। परिजनों को देखकर वह भागने लगा।
शक होने पर परिजनों ने झाड़ियों की तलाशी ली तो वहां बच्चा बेहोशी हालत में पड़ा मिला। बच्चे को बीके अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बताया कि कुकर्म के बाद गला दबाकर बच्चे को मारने का प्रयास किया गया है। हालत नाजुक होने पर बच्चे को दिल्ली रेफर कर दिया गया।
परिजनों ने रतन सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। एसएचओ ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान बच्चे से कुकर्म करना कुबूल किया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।