जेल से बाहर बदमाशों के स्वागत में एकत्रित हुए सात बदमाशों को मोहन गार्डन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाश पार्टी के दौरान वहां गोली चला कर रहे थे। उनके कब्जे से पुलिस ने दो पिस्टल, दो चाकू और दो कारें जब्त की हैं। पकड़े गए बदमाशों पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। कुछ बदमाश फरार भी बताए जा रहे हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त ऐंटो अल्फोंस ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की पहचान किराड़ी निवासी अमित मान, कुलदीप, कासिम, मंगोलपुरी निवासी रोहित, रवि, बबलू झा और राजेश के रूप में हुई है। रोहित व रवि पर दुष्कर्म का मामला दर्ज है। वहीं अमित हत्या के मामले में आरोपी है। कुलदीप पर पांच मामले दर्ज हैं। बबलू झा एक निजी अस्पताल में जनसंपर्क अधिकारी रह चुका है, वहीं राजेश जिम ट्रेनर है।
पुलिस उपाध्यक्ष के अनुसार 11 सितंबर को मोहन गार्डन थाने में तैनात सिपाही संदीप को सूचना मिली कि कुछ बदमाश इलाके के घोषित बदमाश गगन ढींगरा के घर पर मौजूद हैं। बदमाशों ने लोगों में दहशत फैलाने के लिए गोली भी चलाई है। थाना प्रभारी बलजीत के नेतृत्व में पुलिस टीम वहां पहुंची। वहां करीब 50 लोग मौजूद थे, जिनमें से कुछ हवा में गोलियां चला रहे थे। पुलिस टीम को देख बदमाश कारों में सवार होकर नजफगढ़ की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा कर सात बदमाशों को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि रोहित 11 सितंबर को रोहिणी जेल से बाहर आया था। उसे पता चला कि गगन ढींगरा तिहाड़ जेल से बाहर आने वाला है। इस सूचना पर गगन के सभी सहयोगी उसके स्वागत के लिए पहुंचे थे। पुलिस फरार बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।