दिल्ली में सरकार बनाने को लेकर अब पार्टी के ही नेता बंटने लगे हैं। पार्टी के कुछ वरिष्ठ विधायक और सांसद भी जोड़तोड़ कर के सरकार बनाने के पक्ष में नहीं दिखाई दे रहे हैं। वे कह रहे हैं कि जनता का विश्वास लेकर ही सरकार बने तो बेहतर है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक और संघ के करीबी नंद किशोर गर्ग ने कहा कि भाजपा चुनाव के लिए तैयार है। संभव है कि अन्य राज्यों के साथ नवंबर में चुनाव की घोषणा कर दी जाए।
उन्होंने बताया कि जोड़तोड़ कर सरकार बनाने के पक्ष में ना तो संघ है और ना ही पार्टी के राष्ट्रीय नेता। पार्टी फोरम पर अब तक सरकार बनाने की कोई चर्चा भी नहीं है।
ऐसी राजनीति से खफा है संघ
उन्होंने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं का मत है कि कुर्सी के लिए किसी तरह का ऐसा कदम नहीं उठे, जिससे पार्टी की छवि खराब हो। संघ भी सत्ता की राजनीति के लिए मना करता है। जनता का विश्वास लेकर ही सरकार बने तो बेहतर है।
उधर, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सांसद उदित राज ने रोहिणी स्थित बंसल भवन में 40 पार्षदों और एमसीडी के अधिकारियों के साथ बैठक की।
जहां पानी की समस्या, कानूनी मुद्दे, जेजे कॉलोनियों का विकास, परिवहन की समस्या, महिला सुरक्षा समेत दिल्ली की कई समस्याओं पर चर्चा हुई।
'अच्छे दिन ला रही है भाजपा'
बैठक केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के पेश बजट में दी गई सुविधाओं को प्रचारित करने को कहा गया। बैठक के बाद उदित राज ने भी पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चुनाव के लिए भाजपा तैयार है।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के लिए अच्छे दिनों को लाने के अपने लक्ष्य पर अग्रसर है। साथ ही दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुटी हुई है।