रेलवे की महत्वाकांक्षी सेमी हाईस्पीड ट्रेन का दूसरा ट्रायल रन बृहस्पतिवार को किया गया। दिल्ली-आगरा के बीच की दूरी तय 90 मिनट की जगह 100 मिनट में पूरी हुई। हालांकि, पहले ट्रायल के मुकाबले 3 मिनट कम लगे।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, सेमी हाईस्पीड ट्रेन की रफ्तार 160 किमी/प्रतिघंटा तय की गई है। 3 जुलाई को ट्रेन का पहला ट्रायल हुआ था। उस समय ट्रेन 103 मिनट में आगरा पहुंची थी।
दो पावर कार व दस पैसेंजर कोच के साथ बृहस्पतिवार को दूसरा ट्रायल किया गया। ट्रेन दस मिनट देरी से पहुंची। फिर भी, अधिकारी इस बात से उत्साहित हैं कि 3 मिनट का समय कम लगा। दिल्ली-आगरा के बीच करीब दो दर्जन स्थानों पर ट्रेन की गति धीमी करनी पड़ी।
ट्रेन का नियमित परिचालन नवंबर से प्रस्तावित है। इससे पहले ट्रैक ठीक कर लिया जाएगा। दिल्ली मंडल के एडीआरएम ऑपरेशन विवेक श्रीवास्तव का कहना है कि ट्रायल का मकसद टाइम टेबल देखना था। परिणाम संतोषजनक रहा। ट्रेन 90 मिनट की चुनौती का भी सामना आसानी से कर लेगी।
अधिक घुमाव वाली नौ जगहों पर लगा ब्रेक
हजरत निजामुद्दीन यार्ड, होडल, कोसीकलां, छाता यार्ड में दो जगह, भूतेश्वर, मथुरा, बाग व आगरा यार्ड में 50-120 किलोमीटर/घंटे की रही रफ्तार।