रिंगिंग बेल कंपनी का 250 रुपए वाला फोन
फ्रीडम 251 मोबाइल लांच करने का दावा करने वाली कंपनी रिंगिंग बेल के मालिकों के हाईकोर्ट के आदेश पर फेस-3 पुलिस ने पासपोर्ट जब्त कर लिए हैं। हाईकोर्ट ने मंगलवार को कंपनी के मालिकों को गिरफ्तारी से राहत देते हुए 5 अप्रैल तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी।
हालांकि हाईकोर्ट ने कंपनी के चेयरमैन अशोक चड्ढा, डायरेक्टर मोहित गोयल और उनकी पत्नी धारणा गर्ग को देश छोड़कर न जाने और अपना पासपोर्ट एसएसपी के समक्ष सरेंडर करने को कहा था। जिसके बाद तीनों ने अपने पासपोर्ट सरेंडर कर दिए। डीएसपी डॉ. अनूप कुमार ने बताया कि तीनों के पासपोर्ट जब्त कर लिए गए हैं।
ज्ञात हो कि भाजपा सांसद डॉ. किरीट सोमैया ने कंपनी मालिकों के खिलाफ फेस-3 थाने में ही धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज करवाया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए कंपनी मालिकों ने हाईकोर्ट में याचिका डाली थी। जिस पर हाईकोर्ट ने मंगलवार को आदेश जारी किए थे। बुधवार को सांसद किरीट सोमैया ने एसएसपी किरण एस. से मुलाकात कर केस के प्रगति की जांच के बारे में जानकारी ली थी।